Sunday, February 16, 2014

शहीद नेहाल की याद में बनेगा सामुदायिक भवन

संवाद सूत्र, आजमनगर (कटिहार) : सांसद निखिल कुमार चौधरी ने छत्तीसगढ़ में शहीद हुए सीआरपीएफ के डिप्टी कमाडेंट नेहाल आलम के पैतृक गांव दमदमा पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सांसद ने वीर शहीद के परिजनों से मिलकर इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाते हुए हमेशा साथ देने की बात कही। शहीद के परिजनों ने सांसद से वीर नेहाल की याद में सामुदायिक भवन, भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले सैनिक पुरस्कार, परमवीर चक्र दिलाने के लिए प्रयास किए जाने की मांग की। इस पर सांसद श्री चौधरी ने कहा कि सांसद कोष से शीघ्र ही सामुदायिक भवन के लिए जिला पदाधिकारी से बात की जाएगी एवं परमवीर चक्र सम्मान के लिए भारत के गृहमंत्री से बातचीत करने का उन्होंने आश्वासन दिया। भाजपा अल्पसंख्यक जिला महामंत्री मो. मूजा ने इस अवसर पर शहीद के मजार पर पहुंचकर श्रद्धांजलि देते हुए उनके आत्मा की शांति के लिए दुआ की। इस अवसर पर शहीद के पिता महबूब आलम, चाचा मो. असलम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। साथ ही भाजपा के अरविंद चौधरी, सुमन सिंह, अशोक सरावगी, मानीकचंद्र मालाकार, चमक लाल सिंह, बच्चा लाल सिंह, प्रभाष झा, अबुल हयात, मो. नसीम, मो. रकीबुल, कांग्रेस नेता मो. शौकत हुसैन, अब्दुल देय्यान सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Friday, December 6, 2013

जनता दरबार में फरियादियों ने लगाई गुहार


जनता दरबार में फरियादियों ने लगाई गुहार
नगर प्रतिनिधि, कटिहार : पुलिस अधीक्षक असगर इमाम ने गुरुवार को साप्ताहिक जनता दरबार में आये फरियादियों की शिकायत सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया। एसपी के जनता दरबार में थानों में मामलों की सुनवाई नहीं होने एवं अभियुक्तों के विरूद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किये जाने के मामले भी सामने आये। जनता दरबार में दुष्कर्म, छेड़छाड़, आपसी मारपीट एवं भूमि विवाद जैसे मामलों को लेकर लोग पहुंचे। जनता दरबार में करीब तीन दर्जन मामलों का निपटारा किया गया। पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद, महिला प्रताड़ना एवं दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं थाना अध्यक्षों को दिया। एसपी ने जनता दरबार में आये शिकायतों की स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित थानाध्यक्षों को दिया।

Saturday, October 26, 2013

एसपी के जनता दरबार में फरयादियों ने लगाई गुहार


एसपी के जनता दरबार में फरयादियों ने लगाई गुहार
नगर प्रतिनिधि, कटिहार : गुरुवार को पुलिस अधीक्षक असगर इमाम ने साप्ताहिक जनता दरबार में फरियादियों की शिकायतें सुनी। जनता दरबार में तीन दर्जन से अधिक मामलों का निपटारा भी किया गया। वहीं एसपी ने कई शिकायतों को निष्पादित करने का निर्देश संबंधित थाना अध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिया।
जनता दरबार में आपसी मारपीट, दुष्कर्म के प्रयास, भूमि विवाद एवं थानों में शिकायत नहीं सुने जाने को लेकर आवेदन दिए गये। महिला प्रताड़ना एवं दहेज उत्पीड़न के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया। पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद के मामले को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश देते हुए शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर हर हाल में उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। जनता दरबार में महिला फरियादियों की भी भीड़ देखी गयी।

Saturday, September 21, 2013

बीडीओ से आधार कार्ड में गड़बड़ी की शिकायत


बीडीओ से आधार कार्ड में गड़बड़ी की शिकायत
नगर प्रतिनिधि, कटिहार : जिले के हसनगंज प्रखंड अंतर्गत बलुआ पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़की रटनी में बनाए जा रहे आधार कार्ड में गड़बड़ी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा है। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार, रघुनाथ महतो, परमानंद महतो, सुभाष चंद्र, लक्ष्मीकांत, केदार, शंकर आदि ग्रामीणों ने कहा कि बनाए गए आधार कार्ड में गांव का पता गलत होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पते में जलकर गांव के स्थान पर बड़ी रटनी गांव का पता दर्ज है। इस संबंध में जलकर गांव के लोगों ने संबंधित कर्मचारियों से कई बार सुधार की गुहार लगाने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाए जाने से स्थानीय लोग आक्रोशित है। ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से इस मामले में आवश्यक पहल करने की मांग की है।

Friday, September 20, 2013

व्यवसायी से डेढ़ लाख की लूट, दो धराए

संवाद सहयोगी, आजमनगर (कटिहार) : आजमनगर प्रखंड के सालमारी ओपी क्षेत्र में गुरुवार को बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यवसायी के घर धावा बोलकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। भागते समय अपराधियों ने गोली भी चलाई। इसी दौरान कुछ साहसी ग्रामीणों ने दो अपराधियों को हथियार समेत धर दबोचा। बाकी अपराधी लूट की राशि लेकर भागने में सफल रहे। इस घटना के विरोध में व्यवसायियों ने बाजार बंद कर व सड़क पर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सालमारी ओपी क्षेत्र के मस्जिद टोला में भवन निर्माण सामग्री के विक्रेता मो. नदीम के घर दिन-दहाड़े करीब 12 बजे बेखौफ अपराधी घुस गए व हथियार के बल पर लूटपाट कर गोदरेज में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान अपराधियों द्वारा गोली भी चलाई गई। भागने के क्रम में ग्रामीणों ने दो अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए अपराधियों में थाना क्षेत्र के भेलांगन गांव का मु. जहांगीर कदवा एवं पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र का मु. सफदर आलम शामिल है। दोनों अपराधियों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। फरार हुए अपराधियों कोपकड़ने के लिए सभी थानों को सूचना देकर नाकाबंदी कर दी गई। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि करीब डेढ़ लाख की राशि लूटी गई है। अपराधियों के पास से दो देशी पिस्तौल एवं दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। घटना की सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक असगर इमाम ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। सालमारी ओपी अध्यक्ष संजीव कुमार एवं बलिया बेलौन थाना अध्यक्ष सीपी यादव द्वारा छापामारी की जा रही है। इस घटना को लेकर व्यवसायियों द्वारा सालमारी बाजार बंद कर जगह-जगह टायर जलाकर प्रदर्शन किए गए। व्यवसायी फरार अपराधियों की गिरफ्तारी एवं लूटी हुई राशि की बरामदगी की मांग कर रहे थे।

जनता दरबार : एएसपी ने सुनी फरियादियों की गुहार


जनता दरबार : एएसपी ने सुनी फरियादियों की गुहार
नगर प्रतिनिधि, कटिहार : गुरूवार को एसपी के जनता दरबार में अपर पुलिस अधीक्षक छोटे लाल प्रसाद ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे।
जनता दरबार में भूमि विवाद, आपसी मार-पीट, दहेज प्रताड़ना, जमीन से बेदखली सहित चार दर्जन से अधिक मामलों की सुनवाई की गयी। जमीन विवाद को लेकर मारपीट के मामले बारसोई थाना क्षेत्र से सबसे अधिक आए। बारसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत बारसोई बाजार निवासी कुंदन कुमार साह ने जनता दरबार में दिए आवेदन में स्थानीय पुलिस द्वारा झूठा मुकदमा करने की शिकायत की। आवेदक ने बताया है कि 16 सितंबर को वो अपने खेत जोत रहे थे। उसी वक्त पिंटू साह, रिंटू साह और मोती लाल साह ने जमीन पर हल जोतने से मना किया। जबकि उक्त जमीन उनकी खतियानी जमीन है। विरोध करने पर तीनों लोगों ने लाठी-डंडे से मारकर जख्मी कर दिया। इस संबंध में बारसोई थाने में मामला भी दर्ज किया गया, लेकिन स्थानीय पुलिस अभियुक्तों से मिली भगत कर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। श्री साह ने प्रतिपक्ष द्वारा किये गये मुकदमे की जांच कर उसे निरस्त करने की मांग की। एएसपी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन फरियादियों को दिया। एएसपी ने कहा कि पुलिस भूमि विवाद एवं महिला उत्पीड़न के मामले को प्राथमिकता के आधार पर निबटाएगी। जनता दरबार में महिलाओं की संख्या अधिक देखी गयी।

Sunday, September 8, 2013

थोड़ी शांत हुई गंगा, बाढ़ का कहर जारी.

जागरण प्रतिनिधि, कटिहार : कटिहार जिले में गंगा, कोसी व महानंदा नदी की बाढ़ से स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। महानंदा नदी ने पहले चरण में जिले के बारसोई अनुमंडल क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई है। वहीं ताजा दौर में गंगा व कोसी कटिहार-बारसोई में कहर बरपा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि गत दो दिनों से गंगा व कोसी के जलस्तर में कमी आई है। रविवार को रामायणपुर गोलाघाट में गंगा के जलस्तर में छह सेंटीमीटर कमी दर्ज की गई।
जिले के बारसोई अनुमंडल के प्रखंडों में बाढ़ से राहत मिली है। लेकिन मनिहारी अनुमंडल के अमदाबाद व मनिहारी समेत कटिहार अनुमंडल के बरारी, कुर्सेला, प्राणपुर व मनसाही में हालात अब भी गंभीर हैं। अमदाबाद प्रखंड के प्राय: सभी सरकारी कार्यालयों में पानी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पीड़ित ऊंचे स्थलों पर शरण लिए हुए हैं। एक बड़ी आबादी रेल ट्रैक के इर्द-गिर्द भी रह रही है। स्कूलों में पानी की वजह से बच्चों की पढ़ाई-लिखाईठप हो चुकी है। एक अनुमान के मुताबिक जिले की लगभग 15 लाख की आबादी को बाढ़ ने प्रभावित किया है।
सरकारी आंकड़ों पर ही गौर करें तो जिले के 10 प्रखंड की 134 पंचायतों के 991 गांवों की 13.26 लाख आबादी को बाढ़ ने प्रभावित किया है। जिले के 683 गांव पानी से बुरी तरह घिरे हुए हैं। वहीं 104 मकान पूर्ण रूप से तथा 373 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्षतिग्रस्त मकानों का अनुमानित मूल्य 8.5 लाख है जबकि 30 लाख की सार्वजनिक संपत्ति के क्षतिग्रस्त होने का अनुमान है। दर्जन भर लोगों की मौत बाढ़ के कारण हो चुकी है।
जिले में राहत वितरण का कार्य भी सुस्त है। मौजूदा दौर में जिला प्रशासन द्वारा राहत के नाम पर सूखा राशन व पॉलीथीन का वितरण किया जा रहा है। खाद्यान्न राहत के रूप में बाढ़ पीड़ितों को 2446 क्विंटल गेहूं, 239 क्विंटल चावल तथा 54.37 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं। वहीं सूखा राशन के रूप में 932 क्विंटल चूड़ा, 193 क्विंटल गुड़ व 5619 परिवारों को पॉलीथिन शीट्स का वितरण करने का दावा प्रशासन कर रहा है। हालांकि इस वितरण को पर्याप्त नहीं कहा जा सकता है। उधर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन गंभीर समस्या बनी हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में इन दिनों टीन के चादर की छोटी नाव काफी प्रचलित हुई है। इस खतरनाक नाव का लोग खुलकर प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन 286 नावों के परिचालन का दावा कर रहा है। उधर बाढ़ के मौजूदा दौर के बीच 'हैवोक रेन' की संभावनाओं ने लोगों को फिर से दहशत में ला दिया है।
--
वर्जन :-जिलाधिकारी
---
'चार्टड विमान से शनिवार को हवाई सर्वेक्षण में जिले के अमदाबाद, मनिहारी, बरारी, कुर्सेला आदि क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर पाई गई है। वहीं बारसोई अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में आई बाढ़ के बाद अब स्थिति सामान्य हो रही है। जिले में विभिन्न नदियों के तटबंध सुरक्षित हैं। गंगा के जलस्तर में कमी से स्थिति में सुधार की संभावना बनी है। प्रभावित क्षेत्रों में पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।'
- प्रकाश कुमार
जिलाधिकारी, कटिहार