Monday, September 2, 2013

नव पदस्थापित डीएम ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण


नव पदस्थापित डीएम ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण
नगर प्रतिनिधि, कटिहार : नव पदस्थापित जिलाधिकारी प्रकाश कुमार ने रविवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जिला अधिकारी पूर्वाहण करीब साढ़े ग्यारह बजे सदर अस्पताल पहुंचे। डीएम ने एक्स-रे कक्ष, डोयन जांच कक्ष, शिशु वार्ड, आईसीयू, महिला एवं पुरूष शल्य कक्ष सहित विभिन्न वार्डो एवं प्रसव गृह का निरीक्षण किया।
जिला पदाधिकारी ने मरीजों को दिये जाने वाले भोजन एवं रसोई घर की भी जांच की। उन्होंने रसोई घर के आसपास फैली गंदगी एवं खुले में भोजन बनाने को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन से साफ सफाई एवं सुरक्षित रूप से भोजन तैयार करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिला पदाधिकारी ने विभिन्न वार्डो के निरीक्षण के दौरान मरीजों से अस्पताल द्वारा मुहैया कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डो में लगे डाइट चार्ट का अवलोकन किया तथा चार्ट में दर्शाये गये फल एवं खाद्य पदार्थ की उपलब्धता के संबंध में मरीजों से जानकारी ली। उन्होंने आईसीयू के निरीक्षण के दौरान लगाये जाने वाले चिकित्सा उपकरणों के संबंध में सीएस से पूछताछ की। सीएस ने बताया कि उपकरणों की खरीद के लिए राशि का आवंटन हो चुका है। राज्य स्वास्थ समिति से स्वीकृति मिलने के बाद इसकी खरीद कर ली जाएगी। जिलाधिकारी ने बर्न वार्ड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन डॉ. योगेन्द्र प्रसाद, डॉ. मनीन्द्र कुमार मनीष, डॉ. डीएन पोद्दार, डॉ. एसके गुप्ता, डॉ. एसपी साहा सहित कई डॉक्टर एवं स्वास्थ कर्मी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment