Saturday, September 7, 2013

'हैवोक रेन' से निबटने को जिला प्रशासन सतर्क : डीएम


'हैवोक रेन' से निबटने को जिला प्रशासन सतर्क : डीएम
जागरण प्रतिनिधि, कटिहार : मौसम विज्ञान द्वारा 'हैवोक रेन' की दी गई चेतावनी के बाद जहां आमलोग दहशत में हैं, वहीं प्रशासन द्वारा इसे लेकर राहत और पुनर्वास की तैयारियां शुरू कर दी गई है। उधर जिले में बाढ़ की स्थिति व राहत कार्य के आकलन के लिए जिलाधिकारी प्रकाश कुमार तथा कटिहार एसडीओ विनोद कुमार व मनिहारी के एसडीओ अरूण कुमार ने चार्टड विमान से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।
जिलाधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि शनिवार को हैवोक रेन मसले पर विचार-विमर्श को ले वीडियो कांफ्रेसिंग भी हुई। इस दौरान जिले के अधिकारी मौजूद थे। जिलाधिकारी श्री कुमार ने बताया कि शनिवार को हवाई सर्वेक्षण में जिले के अमदाबाद, मनिहारी, बरारी, कुर्सेला आदि क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पाई गई। वहीं बारसोई अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में आई बाढ़ के बाद अब स्थिति सामान्य होती देखी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 175 किलोमीटर की दूरी में तटबंध है। इनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त बंदोबस्त हैं। उन्होंने बताया कि हैवोक रेन को लेकर शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि लगातार 200 एमएम या इससे ज्यादा भी मूसलाधार बारिश होगी। इस चेतावनी को लेकर जिले में ऊंचे व सुरक्षित स्थानों को चिन्हित किया गया है। वहीं किसी भी संभावना के मद्देनजर तैयारियां पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में जिले के अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है। स्थिति से निबटने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए है। इस मसले पर मुख्यमंत्री व सूबे के अन्य अधिकारी भी अपनी नजर रखे हुए हैं।

No comments:

Post a Comment